नाबालिग किशोरी के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर, RYA व AISA ने स्कूली छात्राओं के साथ मिलकर निकाला प्रतिरोध मार्च, आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग

समस्तीपुर। उजियारपुर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग किशोरी के साथ हुए, सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर, सोमवार 20 जुलाई की शाम करीब 6 बजे आइसा (AISA) और आरवाईए (RYA) शाखा उजियारपुर के बैनर तले, स्कूली छात्राओं ने प्रतिरोध मार्च निकाला।
यह प्रतिरोध मार्च उजियारपुर प्रखंड क्षेत्र के बाबूलाल चौक से शुरू होकर, विभिन्न मार्गों से होते हुए उजियारपुर रेलवे स्टेशन परिसर पहुंचा। जहां यह प्रतिरोध मार्च एक सभा में तब्दील हो गया। सभा के दौरान वक्ताओं ने मामले में पुलिस की सुस्त कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि, उजियारपुर थानाध्यक्ष उजियारपुर व इस कांड की अनुसंधानकर्ता ममता साह के द्वारा नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है।
वक्ताओं का कहना था कि किशोरी के साथ 14 जुलाई को सामुहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। जबकि पीड़ित परिवार ने 15 जुलाई को ही उजियारपुर थाना में घटना की शिकायत दी थी, लेकिन उजियारपुर थानाध्यक्ष के द्वारा घटना से संबंधित आवेदन देने के 48 घंटा बाद भी आरोपित के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं किया गया। जिसके बाद पिड़ित परिवार ने एससी/एसटी थाना और फिर महिला थाना का रुख किया। महिला थाना के हस्तक्षेप के बाद 17 जुलाई को उजियारपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बावजूद, अब तक नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
सभा में मौजूद छात्राओं और संगठन के नेताओं ने मांग किया कि, इस घटना की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर सभी आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, तथा पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान उन्होंने चेतावनी भी दिया कि, यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उधर उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार का बताना है कि, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है, और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मौके पर आइसा जिलाध्यक्ष मोहम्मद फरमान, आरवाईए उजियारपुर के राहुल कुमार, आइसा प्रखंड सचिव रोहित कुमार पासवान, भाकपा-माले नेता गंगा प्रसाद पासवान सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र संगठन के लोग मौजूद रहे।



