एनएच-122 पर तेज गति में आमने सामने टकराया दो बाईक सवार! दोनों बाईक सवार की घटनास्थल पर ही हुई मौत! जांच में जुटी पुलिस

समस्तीपुर। जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में बुधवार 16 सितंबर की दोपहर बाद एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवारों की मौत हो गई। यह भीषण सड़क हादसा मुसरीघरारी चौक से दलसिंहसराय जाने वाले मार्ग पर, एनएच-122 में चौक से करीब 500 मीटर आगे हुआ। यहां दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना मुसरीघरारी पुलिस को दिया। सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच, दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा। जहां सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों घायलों को मृत घोषित कर दिया।
दोनों मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के द्वारा काफी प्रयास के बाद दोनों मृतकों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के डगरूआ वार्ड संख्या-7 निवासी मोहम्मद कलीम अंसारी के 19 वर्षीय पुत्र मोहम्मद रईस तथा सरायरंजन थाना क्षेत्र के झखड़ा गांव निवासी बैजनाथ राम के 45 वर्षीय पुत्र रामचंद्र राम का नाम शामिल हैं। मौत की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना के संबंध में मुसरीघरारी के प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि, मुसरीघरारी चौक से दलसिंहसराय की ओर जाने वाले मार्ग पर दो बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर हुई थी। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस द्वारा दोनों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है।




