पांच दिनों से अंधेरे में डूबा है मोरीडीह मुहल्ला, मैट्रिक व इंटरमीडिएट के छात्रों की पढ़ाई हुई ठप, नल-जल योजना बंद, ग्रामीणों ने दिया 24 घंटे की अल्टीमेटम, वरना किया जाएगा आंदोलन

उजियारपुर। उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत लखनीपुर महेशपट्टी पंचायत स्थित मोरीडीह मुहल्ले का वार्ड 4 पिछले 05 दिनों से ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण, अंधेरे में डूबा हुआ है। बिजली आपूर्ति बाधित रहने की वजह से गांव की नल-जल योजना भी पूरी तरह ठप हो गई है। जिसके कारण ग्रामीणों के सामने पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी है। पानी की व्यवस्था के लिए ग्रामीणों को निजी जनरेटर किराये पर लेकर काम चलाना पड़ रहा है।
बिजली संकट का असर आम लोगों के साथ-साथ किसानों और पशुपालकों पर भी पड़ा है। भीषण गर्मी और रात के अंधेरे के कारण मैट्रिक व इंटरमीडिएट के बच्चों की पढ़ाई भी पुरी तरह प्रभावित हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस मुहल्ले में करीब 1 दर्जन से अधिक मैट्रिक व इंटरमीडिएट छात्र बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन बिजली नहीं रहने से उन्हें पढ़ाई पर भी खतरा मंडरा रहा है।
अंधेरे में सांप-बिच्छू का खतरा
ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार अंधेरा रहने के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ गया है। अब तक सांप के काटने से दो लोगों और बिच्छू के काटने से एक व्यक्ति के प्रभावित होने की भी बात सामने आई है। इससे पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।
जेई के जवाब से ग्रामीणों में नाराजगी
समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अनुमंडलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय के पोर्टल तक में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अभी तक उन शिकायतों का भी कोई असर बिजली विभाग पर नही हुआ है। वहीं इस संबंध में इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) के नेता राहुल राय ने बताया कि, उजियारपुर विद्युत आपूर्ति स्टेशन के जेई से जब भी संपर्क किया जाता है तो, उनसे केवल यही जवाब मिलता है कि “काम प्रोसेस में है, बहूत जल्द नया ट्रांसफार्मर लग जाएगा, लेकिन नया ट्रांसफार्मर आखिर कब लगाया जाएगा, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी उनके द्वारा नहीं दी जा रही है।
100 KVA की जगह 63 KVA का पुराना ट्रांसफार्मर लगाने का आरोप
भाकपा (माले) के प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान ने बिजली विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि, ग्रामीणों से प्रति कनेक्शन 300 रुपये की मांग की गई थी, लेकिन ग्रामीणों ने पैसा नही दिया। जिसके कारण बिजली विभाग के लोगों ने वार्ड 4 में पुराना 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा दिया, जो चालू होने के साथ ही दुबारा जल गया। वहीं सीमावर्ती गांव बेलारी के लोगों ने प्रति घर 300 रुपये रिश्वत दिया तो, उस मुहल्ले में बेहतर ट्रांसफार्मर लगवा दिया गया।
सुबह तक बिजली बहाल नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन धरना
बिजली संकट से नाराज ग्रामीणों ने देर रात सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया तथा बिजली विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि, अगर 24 घंटा के अंदर बिजली आपूर्ति बहाल नही की गयी तो, ट्रांसफार्मर के पास ही अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।
आज शाम तक बदल दिया जाएगा ट्रांसफार्मर
वहीं इस संबंध में जानकारी के लिए जब विद्युत आपूर्ति कार्यालय उजियारपुर के जेई मुकुल मोहन के सरकारी मोबाइल पर संपर्क स्थापित किया गया तो उन्होंने बताया कि, एक सप्ताह पुर्व भी लखनीपुर महेशपट्टी पंचायत के वार्ड 04 का ट्रांसफार्मर जल गया था। जिसे बदल दिया गया था, लेकिन वह ट्रांसफार्मर भी एक दिन बाद ही जल गया था। विभाग को सुचना दे दी गयी थी। आज शाम तक उक्त ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा।




