डैनी चौक के पास ट्रक ने इंटर की छात्रा को कुचला, मौके पर हुई मौत कोचिंग पढ़ने जा रही थी छात्रा, घटना के बाद सड़क जाम, ट्रक चालक फरार

दलसिंहसराय (समस्तीपुर)। दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के एसएच-88 पर शनिवार 12 सितम्बर की सुबह डैनी चौक के पास हुई भीषण सड़क हादसे में, इंटर की एक छात्रा की मौत हो गई। मृतका की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के पांड़ गांव निवासी, उमेश महतो की 16 वर्षिया पुत्री अंजली कुमारी के रूप में की गयी है। उधर घटना से आक्रोशित लोगों ने एसएच-88 को जाम कर दिया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच में जुट गयी है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, अन्य दिनों की तरह अंजली कुमारी शनिवार 12 सितम्बर की सुबह भी कोचिंग पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान डैनी चौक के समीप तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक ने छात्रा को इतने जोरदार तरीके से टक्कर मारी कि, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे एसएच-88 पर वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया। घटना की सूचना मिलने पर दलसिंहसराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, और स्थिति को नियंत्रित करने तथा सड़क जाम हटाने की कार्रवाई में जुट गई है।
खबर लिखे जाने तक सड़क जाम समाप्त नही हो सका था, तथा मौके पर पहुंची पुलिस ने पत्रकारों को घटना के संबंध में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।




