प्रदर्शन

भाकपा का प्रखंड मुख्यालय पर धरना, बिजली बिल, किसानों के कर्ज माफी और भ्रष्टाचार समेत कई मांगें उठाईं

समस्तीपुर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) अंचल परिषद उजियारपुर के आह्वान, पर मंगलवार 21 जुलाई को, प्रखंड मुख्यालय पर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं ने अंचल सचिव सूर्यदेव पांडे के नेतृत्व में, अंचल कार्यालय से जुलूस निकाला, जो उजियारपुर बाजार होते हुए प्रखंड कार्यालय पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रखंड कार्यालय परिसर में संजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने नई बिजली बिल व्यवस्था समाप्त करने, किसान-मजदूरों के सभी कर्ज माफ करने, किसानों को फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित करने, प्रखंड क्षेत्र में बंद पड़े सभी स्टेट ट्यूबवेल चालू कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन 3000 रुपये प्रतिमाह करने, सरकारी जमीन पर बसे लोगों को बासगीत भूमि का मालिकाना हक देने, तथा प्रखंड क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए भाकपा के राज्य सचिव मंडल सदस्य रामचंद्र महतो ने, केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, महंगाई और किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि, नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन का समाधान किया जाए, तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की।

धरना सभा को बिहार राज्य खेत मजदूर यूनियन के जिला महासचिव अनिल प्रसाद, अंचल सचिव सूर्यदेव पांडे, सहायक अंचल सचिव रामकुमार, देवेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. बी. सिंह, रामप्रवेश महतो, रामाशीष सिंह, रामसुद्दीन महतो, बहुजन पासवान, रामबालक राय, सुनील कुमार, राम विष्णुदेव राय सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

सभा के बाद पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को मांगपत्र सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button