पीएनजी गैस पाइपलाइन फटी, गैस रिसाव से कई छात्राएं बेहोश, 5 की हालत गंभीर

मुजफ्फरपुर: जिले के रोहुआ इलाके में शुक्रवार 17 जुलाई को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बुडको कंपनी के द्वारा कराए जा रहे के निर्माण कार्य के दौरान, जेसीबी से खुदाई करते समय पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन के फटते ही तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
गैस रिसाव होने के बाद घटना स्थल के पास स्थित हाई स्कूल और मिडिल स्कूल में पढ़ रहे दर्जनों छात्र, इस पर गैस रिसाव की चपेट में आकर अचानक बेहोश होने लगे। इस गैस का प्रभाव स्कूली बच्चों पर इतना ज्यादा हुआ कि, दर्जनों बच्चों को ईलाज के लिए नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराना पर गया। जिसमें से 05 बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए श्री कृष्णा मेडिकल कॉलेज एण्ड अस्पताल (SKMCH) रेफर कर दिया गया। हालांकि स्कूल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तत्काल सभी बच्चों को स्कूल से छुट्टी देते हुए घर भेज दिया।
अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, गैस रिसाव की चपेट में आकर गंभीर रुप से बीमार छात्रों में, दसवीं कक्षा की दिव्या, नाहिद, अमृता और राखी तथा ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा विशाखा का नाम शामिल हैं। हालांकि इस दौरान गैस रिसाव से बीमार होने वाली छात्राओं का अस्पताल आने का क्रम जारी ही था।
उधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन, और संबंधित गैस एजेंसी की टीम मौके पर पहुंच, गैस रिसाव को रोकने के लिए युद्धस्तर पर कार्य जारी कर दी है। साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से आसपास के इलाके को भी खाली कराया जा रहा है, और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की गई है।
फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी की खुदाई से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होना बताया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों का कहना है कि, गैस रिसाव पूरी तरह नियंत्रित होने के बाद ही स्थिति सामान्य हो सकेगी।



