प्रशासनिक

उड़ान के बाद 7 मिनट तक हवा में मंडराता रहा मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर, कुछ देर के लिए मचा हड़कंप

हाजीपुर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर शनिवार 11 जुलाई को, हाजीपुर स्थित अक्षयवट राय स्टेडियम से उड़ान भरने के बाद करीब सात मिनट तक एक ही क्षेत्र में हवा में मंडराता रहा।

इस अप्रत्याशित स्थिति को देखकर स्टेडियम परिसर में मौजूद लोगों, प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया। हालांकि बाद में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह सामान्य उड़ान प्रक्रिया का हिस्सा था, और इसमें किसी प्रकार की तकनीकी खराबी या सुरक्षा संबंधी खतरे की बात नहीं थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्टेडियम से सामान्य रूप से उड़ान भरकर ऊपर उठा, लेकिन आगे बढ़ने के बजाय कुछ समय तक उसी क्षेत्र में चक्कर लगाता रहा। हेलीकॉप्टर के लगातार मंडराने से मौके पर मौजूद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर स्टेडियम परिसर में मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर हटाना शुरू कर दिया। कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो गई। हालांकि सुरक्षा बल लगातार लोगों को शांत रहने की अपील करते रहे और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी।

करीब सात मिनट तक हवा में होल्ड रहने के बाद हेलीकॉप्टर ने सामान्य रूप से अपनी उड़ान जारी रखी, और पटना के लिए रवाना हो गया। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, पायलट को आगे की लोकेशन स्पष्ट रूप से नहीं मिल पा रही थी। इसी कारण उड़ान सुरक्षा मानकों के तहत हेलीकॉप्टर को कुछ समय तक हवा में होल्ड किया गया।

अधिकारियों के अनुसार जैसे ही आगे की लोकेशन स्पष्ट हुई, हेलीकॉप्टर ने निर्धारित मार्ग पर उड़ान जारी रख दी। उन्होंने कहा कि इस दौरान न तो हेलीकॉप्टर में कोई तकनीकी खराबी आई थी और न ही सुरक्षा से जुड़ी किसी प्रकार की समस्या थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button