प्रशासनिक

ओवरब्रिज मरम्मत के बीच यातायात व्यवस्था को लेकर एसडीओ ने निजी स्कूलों के संचालक व प्रधानाध्यापक के साथ की बैठक

समस्तीपुर। शहर में ओवरब्रिज पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) दिलीप कुमार की अध्यक्षता में अनुमंडल कार्यालय सभाकक्ष में निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक का उद्देश्य ओवरब्रिज मरम्मत के दौरान उत्पन्न होने वाली अस्थायी यातायात समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को असुविधा से बचाना तथा विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करना था।

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ दिलीप कुमार ने सभी विद्यालयों से अपील की कि वे विद्यार्थियों और अभिभावकों को वैकल्पिक मार्गों, विद्यालय के समय तथा यातायात संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराते रहें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि ओवरब्रिज मरम्मत कार्य के दौरान भी शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी प्रकार से प्रभावित न हो।

बैठक में विद्यालय वाहनों के सुरक्षित संचालन, विद्यार्थियों की सुरक्षा, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बेहतर समन्वय तथा यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सभी निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने प्रशासन को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

एसडीओ दिलीप कुमार ने कहा कि प्रशासन और आम जनता के सहयोग से इस अस्थायी चुनौती का सफलतापूर्वक समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button