प्रशासनिक

सुपौल पंचायत में समेकित स्वास्थ्य शिविर आयोजित, दर्जनों लोगों की हुई मुफ्त जांच।

सुपौल। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वावधान में सोमवार को सुपौल पंचायत के वार्ड संख्या-12 में एक समेकित स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों सहित दर्जनों ग्रामीणों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच की गई तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य कर्मियों ने शिविर में पहुंचे लोगों का रक्तचाप (बीपी), शुगर, वजन और हीमोग्लोबिन की जांच की। साथ ही एचआईवी/एड्स, टीबी, मलेरिया एवं अन्य संचारी रोगों की रोकथाम और बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। लोगों को सुरक्षित जीवनशैली अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने और संतुलित पोषण लेने की सलाह भी दी गई।

शिविर के दौरान जरूरतमंद मरीजों के बीच मुफ्त दवाइयों का वितरण किया गया। गर्भवती महिलाओं की विशेष स्वास्थ्य जांच कर उन्हें संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित किया गया। वहीं किशोरियों को माहवारी स्वच्छता, एनीमिया से बचाव तथा आयरन की गोलियों के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।

स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता की कमी के कारण कई बीमारियां गंभीर रूप ले लेती हैं। ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों की समय पर जांच, उपचार और परामर्श संभव हो पाता है, जिससे बीमारियों की रोकथाम में मदद मिलती है।

शिविर में पहुंचे ग्रामीण चंद्र विजय प्रसाद साहू ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का नियमित आयोजन होना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को उनके घर के निकट ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना तथा एचआईवी/एड्स सहित अन्य गंभीर बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मी संतोष कुमार, सुशीला कुमारी, पुष्पा कुमारी, रेखा कुमारी, कुमुद रंजन, आंचल कुमारी, संगीता कुमारी सहित कई अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button