प्रशासनिक

जन संवाद में डीएम ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

समस्तीपुर। 25 सितंबर। जिला मुख्यालय स्थित  समाहरणालय सभाकक्ष में, शुक्रवार 25 सितम्बर को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस जनसंवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों ने, भूमि एवं राजस्व, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, बिजली, सड़क, परिवहन, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।

डीएम ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को मामलों की नियमानुसार जांच कर त्वरित गति निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि, जन संवाद का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी और संवेदनशील बनाना है। जन संवाद में प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा उनके निष्पादन की नियमित निगरानी करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। जिन मामलों में दूसरे विभागों या उच्च स्तर पर कार्रवाई की आवश्यकता है, उनमें संबंधित कार्यालयों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि, कार्यों का निष्पादन इस तरीके से होना चाहिए ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर भी जोर दिया।

जन-संवाद कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, जिला परिवहन पदाधिकारी, राजस्व प्रभारी धर्मराज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button