बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का डीएम ने किया दौरा, तटबंधों की सुरक्षा और राहत कार्यों को लेकर दिए गए सख्त निर्देश

मोहिउद्दीन नगर/मोहनपुर। गुरूवार 03 सितम्बर 2026।समस्तीपुर जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने गुरुवार 03 सितम्बर को मोहिउद्दीन नगर एवं मोहनपुर प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जलस्तर, आवागमन, तटबंधों की सुरक्षा तथा बाढ़ प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद एसडीओ पटोरी, बीडीओ, सीओ एवं बाढ़ प्रमंडल के अभियंताओं को बाढ़ की स्थिति पर लगातार कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहे, और किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को कैंप मोड में कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि, प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए। स्थानीय स्तर पर लोगों से मिलने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
तटबंधों और संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी करने का निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रमंडल के अभियंताओं से आवश्यकता के अनुसार सुरक्षात्मक एवं निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की आवश्यकताओं का लगातार आकलन कर प्रशासनिक स्तर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। आवागमन, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता समेत अन्य जरूरी सेवाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
वहीं अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन राजेश सिंह को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासन की तैयारियों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया। साथ ही प्रतिदिन की स्थिति एवं किए जा रहे कार्यों से जिलाधिकारी को अवगत कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति को लेकर पूरी तरह सतर्क एवं अलर्ट है। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक और तकनीकी टीमों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान मोहिउद्दीन नगर विधायक राजेश सिंह, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन राजेश सिंह, एसडीओ पटोरी विकास पांडेय सहित संबंधित प्रखंडों के बीडीओ, सीओ, बाढ़ प्रमंडल के अभियंता एवं अन्य अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे।




