स्कूली बस चालक की ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत, बच्चों को लेने जाते समय हुआ हादसा

समस्तीपुर। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर चौक के पास एनएच-122 पर शनिवार (18 जुलाई) की अहले सुबह करीब 5 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक स्कूली बस चालक की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान सरायरंजन थाना क्षेत्र के हरसिंगपुर कोठी वार्ड संख्या-10 निवासी गुलाम रसूल के 55 वर्षीय पुत्र मोहम्मद ऐजुब के रूप में हुई है। वह मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में बस चालक के रूप में कार्यरत थे।
परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल बस लेकर गंगापुर इलाके में स्कूली बच्चों को लेने गए थे। गंगापुर चौक के समीप उन्होंने बस को एनएच-122 किनारे खड़ा किया और सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान ताजपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर मुसरीघरारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को भी जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
मृतक की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए एनएच-122 पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।




