सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम के लिए मास्टर प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण शुरू

समस्तीपुर। मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम ‘सुरक्षित शनिवार’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर, बिहार शिक्षा परियोजना समस्तीपुर एवं यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में, शनिवार 24 अक्टूबर को जिला स्तरीय मास्टर प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
24 से 28 अक्टूबर तक शहर के पुरानी पोस्ट ऑफिस रोड में आयोजित इस कार्यशाला का उद्घाटन, उप-विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना जमालुद्दीन, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान शुभम कसौधन, यूनिसेफ के आपदा जोखिम न्यूनीकरण विशेषज्ञ राजीव कुमार, शिक्षा विशेषज्ञ बसंत कुमार सिंह, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के राज्य सलाहकार अशोक कुमार शर्मा, लेखा पदाधिकारी सुनील कुमार एवं मीडिया समन्वयक हरिश्चंद्र राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण में सभी प्रखंडों के नामित शिक्षकों को आपदा प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, भूकंप एवं बाढ़ से बचाव तथा विद्यालय आपदा प्रबंधन योजना तैयार करने की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के बाद शिक्षक विद्यालयों में सुरक्षा गतिविधियों का नियमित संचालन करेंगे। प्रत्येक शनिवार को निर्धारित गतिविधियां आयोजित कर, उनकी रिपोर्ट ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों में आपदा से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विद्यालयों को सुरक्षित बनाना है।




