माँ दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती की जीवंत झाँकी का श्रद्धापूर्वक किया गया समापन

मोहिउद्दीननगर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, मोहिउद्दीन नगर के तत्वावधान में नवरात्रि के अवसर पर सरकारी दुर्गा मंदिर के सामने, थाना के समीप आयोजित माँ दुर्गा, माँ लक्ष्मी एवं माँ सरस्वती की जीवंत झाँकी का समापन श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में हुआ। झाँकी के माध्यम से श्रद्धालुओं को तीनों देवियों के दिव्य एवं मनमोहक स्वरूपों के दर्शन का अवसर मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक राजेश कुमार सिंह, एसआई अन्नु कुमारी, पूजा कमेटी के सदस्य सुरेंद्र मेहता, ब्रह्माकुमारी सविता बहन सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया था। महाआरती, देवियों के जीवंत स्वरूपों के दर्शन तथा माँ दुर्गा द्वारा महिषासुर वध की मनोहारी प्रस्तुति कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहे।
झाँकी के माध्यम से माँ दुर्गा की शक्ति, माँ लक्ष्मी की समृद्धि तथा माँ सरस्वती के ज्ञान एवं विवेक की महिमा को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से देवियों के दर्शन किए।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी सविता बहन ने कहा कि, देवी-स्वरूपों की आराधना तभी सार्थक होती है, जब मनुष्य उनके दिव्य गुणों को अपने जीवन में धारण करे। उन्होंने बताया कि देवियों को परमपिता परमात्मा शिव से राजयोग के माध्यम से अष्ट शक्तियाँ प्राप्त होने के आध्यात्मिक संदेश के कारण अष्टभुजाधारिणी के रूप में दर्शाया जाता है। महिषासुर आसुरी शक्तियों का प्रतीक है। परमात्मा से शक्ति प्राप्त कर मनुष्य अपने भीतर की आसुरी प्रवृत्तियों को समाप्त कर सकता है।
स्थानीय विधायक राजेश कुमार सिंह ने क्षेत्रवासियों से ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों में भाग लेकर उनके संदेशों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आशा बहन, बृजेश खत्री, रवि रंजन भाई, अशोक भाई, इंद्रजीत भाई सहित अनेक भाई-बहनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन ने श्रद्धालुओं के बीच आध्यात्मिक जागरूकता, सकारात्मकता और आत्मिक शक्ति का संदेश दिया।




