समस्तीपुर के 4.48 लाख पेंशनधारियों को मिली राहत, खाते में पहुंचे 52.55 करोड़ रूपए

समस्तीपुर। 10 सितंबर 2026। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत बिहार सरकार ने, राज्य के लाभुकों को 1100 रूपए प्रतिमाह की दर से, पेंशन एवं बकाया राशि का डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया। इसी क्रम में समस्तीपुर जिले के 4 लाख 48 हजार 291 पेंशनधारियों के बैंक खातों में कुल 52 करोड़ 55 लाख 40 हजार 900 रूपए की राशि अंतरित की गई।
इस अवसर पर जिला स्तर पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। जिले में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लाभान्वित पेंशनधारियों में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 83,268, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 26,654, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 3,195, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 2,24,676, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 41,249 तथा बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 69,249 लाभुक शामिल हैं।
जिलाधिकारी, समस्तीपुर ने सभी पेंशनधारियों से अपील की कि, वह अपना जीवन प्रमाणीकरण (Life Certificate) एवं आधार सीडिंग समय पर अवश्य करा लें। इससे भविष्य में पेंशन राशि के भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस, सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।




