प्रशासनिक

जिलाधिकारी व एसपी ने किया ईवीएम-वीवीपैट गोदाम का मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का भी लिया जायजा

समस्तीपुर। 03 सितंबर 2026। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने, गुरुवार 03 सितम्बर को ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था समेत निर्वाचन उपकरणों के सुरक्षित रख-रखाव से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी निगरानी, अग्नि सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं SOP (Standard Operating Procedure) के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश भी दिया।

जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने उप-निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार को निर्देशित करते हुए कहा कि, ईवीएम व वीवीपैट जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन उपकरणों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप बनाए रखने तथा सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन करने को भी कहा।

वहीं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने गोदाम में तैनात सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था की समीक्षा करते हूए, सभी सुरक्षा कर्मियों को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने अग्निशमन पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी अग्नि सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाए रखने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि, निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने में ईवीएम एवं वीवीपैट का सुरक्षित भंडारण और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाओं को हमेशा दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, वरीय कोषागार पदाधिकारी रमेश कुमार वर्णवाल, अग्निशमन पदाधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा ईवीएम-वीवीपैट गोदाम की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे।

ब्यूरो प्रमुख- अरविन्द कुमार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button