दुर्घटना/हादसा

समस्तीपुर-रोसड़ा मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, आधा दर्जन से अधिक लोग हुए घायल, ऑटो और बाइक के उड़े परखच्चे, एक महिला की मौत की सूचना।

समस्तीपुर। जिले के मुफ्फसिल थाना अंतर्गत समस्तीपुर -रोसड़ा मुख्य मार्ग पर, बुधवार 21 अक्टूबर की देर शाम करीब 9 बजे, मोरदीवा उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप, एसएच 55 पर हुए भीषण सड़क हादसे में, आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि, एक अज्ञात हाईवा ने सामने से आ रहे एक ऑटो व एक पल्सर बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

जिस हादसे में ऑटो सवार करीब आधा दर्जन यात्रियों सहित बाइक पर सवार दोनों लोग भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों में एक महिला की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। वहीं ऑटो सवार एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत होने की बातें बतायी जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक महिला की मौत की पुष्टि आधिकारिक तौर पर नहीं हो पायी है।

टक्कर इतनी जोरदार कि ऑटो और बाइक के उड़े परखच्चे

स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो और पल्सर बाइक समस्तीपुर की ओर से आकर, रोसड़ा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रोसड़ा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार हाईवा ने, मोरदीवा उप स्वास्थ्य केंद्र के पास, दोनों वाहनों को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए,  साथ ही बाईक व ऑटो पर सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए घटनास्थल की ओर दौड़े, और तत्काल बचाव कार्य में जुट गए।

स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए मोरदीवा उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर रेफर कर दिया।

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, घायलों में तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। बाइक पर सवार महिला की स्थिति भी चिंताजनक होने की बात सामने आई है। दुर्घटना में घायल लोगों की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। वहीं, एक महिला की मौत की भी सुचना मिल रही है।

हादसे के बाद हाईवा लेकर चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना को अंजाम देने के बाद हाईवा चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। आक्रोशित लोगों ने मोरदीवा उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप बांस-बल्ला लगाकर समस्तीपुर-रोसड़ा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जिसके कारण उक्त मार्ग पर दोनों तरफ गाड़ियों  की लंबी कतारें लग गयी।

स्थानीय लोगों में तेज रफ्तार वाहनों के परिचालन और सड़क सुरक्षा को लेकर नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना था कि लापरवाही से वाहन चलाने के कारण इस तरह की गंभीर दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इस तरफ किसी भी पुलिस प्रशासन का ध्यान नही जाता है।

पुलिस के पहुंचने का इंतजार, मृतका और घायलों की पहचान नहीं

खबर लिखे जाने तक घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने की सूचना नहीं थी। दुर्घटना में शामिल हाईवा और उसके चालक के संबंध में भी तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई थी। घायलों की पहचान और कथित मृत महिला के संबंध में आधिकारिक जानकारी मिलने का इंतजार किया जा रहा है।

नोट: एक महिला की मौत की सूचना अभी आधिकारिक रूप से सत्यापित नही की गयी है।  मृतका व घायलों की पहचान और दुर्घटना से संबंधित अन्य जानकारी मिलने पर  खबर को अपडेट किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button