दरभंगा एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, स्पाइसजेट विमान का टायर फटा, 150 यात्री सुरक्षित

दरभंगा। दरभंगा एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। मुंबई से दरभंगा पहुंची स्पाइसजेट की फ्लाइट SG115 का लैंडिंग के दौरान टायर फट गया। विमान में लगभग 150 यात्री सवार थे। पायलट की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, विमान के रनवे पर उतरते ही एक टायर फट गया और कुछ दूरी तक रनवे पर घिसटता रहा। इस दौरान विमान के भीतर बैठे यात्रियों को तेज झटके महसूस हुए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि पायलट ने विमान को नियंत्रित रखते हुए सुरक्षित रूप से रनवे पर रोक दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट के सुरक्षा कर्मी, अग्निशमन दल और ग्राउंड स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद क्षतिग्रस्त स्पाइसजेट विमान को तकनीकी जांच के लिए एयरपोर्ट के एप्रन क्षेत्र में खड़ा कर दिया गया है। विमान की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है ताकि टायर फटने के कारणों का पता लगाया जा सके।
इधर, एयरपोर्ट पर उसी दिन अकासा और इंडिगो की एक-एक उड़ान में भी तकनीकी खराबी आने की जानकारी सामने आई है। लगातार विमानों में आई तकनीकी समस्याओं के कारण दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ान संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। कई उड़ानों के समय में बदलाव करना पड़ा, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि दरभंगा एयरपोर्ट के एप्रन क्षेत्र में विमानों की पार्किंग क्षमता पहले से ही सीमित है। ऐसे में स्पाइसजेट विमान के जांच के लिए लंबे समय तक खड़े रहने से अन्य उड़ानों के संचालन पर भी असर पड़ा।
फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित एयरलाइंस की तकनीकी टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है।



