मोहर्रम पर्व को लेकर दरभंगा पुलिस अलर्ट, जिले भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

दरभंगा बिहार। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-सम्मत वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा के निर्देशन में जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, अफवाह या कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए दरभंगा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। जिले के विभिन्न मस्जिदों, इमामबाड़ों, ताजिया मार्गों, प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों तथा अंतरजिला सीमावर्ती चेक पोस्टों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। साथ ही शांति समिति के सदस्यों, धर्मगुरुओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की जा रही है। मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों पर विशेष चौकसी बरती जा रही है तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गश्ती दलों की संख्या बढ़ा दी गई है। मोटर वाहन गश्ती, पैदल गश्ती एवं क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को भी सक्रिय रखा गया है। प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ निगरानी के लिए आधुनिक संसाधनों का भी उपयोग किया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की है। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि भ्रामक अथवा भड़काऊ पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके।
दरभंगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मोहर्रम पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और सभी पदाधिकारी सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं सहयोग की भावना बनाए रखते हुए मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है।




