बिहार पुलिस

मधुबनी में 50 लाख की जेवर चोरी का खुलासा, घर के नाबालिग भतीजे ने रची थी साजिश

मधुबनी। बासोपट्टी थाना क्षेत्र के उछाल गांव में हुई लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के जेवरात की दिनदहाड़े चोरी के मामले का पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं, मामले में संलिप्त एक नाबालिग को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, उछाल गांव निवासी राहुल कुमार सिंह ने 22 जून को बासोपट्टी थाना में करीब 50 लाख रुपये के जेवर चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष कार्तिक भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और वैज्ञानिक जांच के आधार पर मामले की पड़ताल शुरू की।

जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि चोरी की पूरी साजिश घर के ही एक नाबालिग भतीजे ने रची थी। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें चोरी किए गए जेवरात से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जयनगर के गायत्री मंदिर निवासी छोटू अली और राजेश ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।

जयनगर डीएसपी सदानंद कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के घरों से एक सोने जैसा हार, 80 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन तथा ऑनलाइन लेनदेन में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल बरामद किया गया है। जांच में यह भी पता चला कि बरामद मोबाइल के माध्यम से करीब 1 लाख 13 हजार रुपये का ऑनलाइन लेनदेन किया गया था, जिसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

उन्होंने बताया कि मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच जारी है और चोरी गए अन्य जेवरात की बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष कार्तिक भगत, एसआई बबून रवि दास सहित बासोपट्टी थाना के पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button