भाकपा-माले ने जोरदार प्रतिरोध प्रदर्शन कर, उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार का फूंका पुतला,
27 अगस्त की पुलिसिया कार्रवाई को लेकर माले ने उठाए सवाल!

समस्तीपुर/उजियारपुर। गुरूवार 03 अगस्त 26। उजियारपुर थाना क्षेत्र के नाजिरपुर गांव में 27 अगस्त को बोलबम सेवा से लौट रहे युवाओं के साथ कथित पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में गुरुवार 3 सितम्बर को, भाकपा-माले कार्यकर्ताओं ने नाजिरपुर हाट पर प्रतिरोध सभा का आयोजन कर, उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार का पुतला दहन किया, तथा पुलिस कार्रवाई के खिलाफ आक्रोश जताया।
सभा को संबोधित करते हुए माले नेता फूलबाबू सिंह ने आरोप लगाया कि, उजियारपुर थानाध्यक्ष के कथित भ्रष्ट आचरण के कारण उजियारपुर थाना क्षेत्र में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का मनोबल बढ़ा हुआ है। जिसके कारण उनके द्वारा आम लोगों को आए दिन परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दोष लोगों पर मुकदमा दर्ज कर मोटी रकम लेकर मामलों को रफा-दफा किया जाता है।
किसान महासभा के जिला अध्यक्ष महावीर पोद्दार ने कहा कि, 27 अगस्त की घटना के मामले में उजियारपुर थाना कांड संख्या 323/26 दर्ज कर तीन लोगों को जेल भेजा गया है, जबकि अन्य लोगों को भी परेशान किया जा रहा है। उन्होंने मांग किया है कि उजियारपुर थानाध्यक्ष द्वारा दर्ज कांड संख्या 323/26 एवं 297/26 को निरस्त किया जाए। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने 15 दिनों के भीतर उजियारपुर थाना पर अनिश्चितकालीन भूख-हड़ताल और प्रदर्शन शुरू करने की भी चेतावनी दी है।
प्रतिरोध सभा की अध्यक्षता प्रखंड कमेटी सदस्य हेमंत कुमार सिंह ने की। मौके पर प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान, छात्र नेता रोहित कुमार पासवान, आरवाईए के प्रखंड सचिव राहुल राय, उप-सरपंच रामप्रीत सिंह, अशोक कुमार सिंह, मनोज राम, राम सुरेश सिंह, सुन्देश्वर सिंह, रामबली सिंह, अर्जुन दास, मोहम्मद फरमान, बुलबुल दास, पप्पू यादव, विपिन कुमार राम, मोहम्मद सकूर, मणिमाला देवी, सविता देवी, प्रमिला देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।




