क्राईम

स्कूल परिसर में मिला देशी कट्टा, शिक्षकों व छात्रों में दहशत; पुलिस ने किया जब्त, जांच शुरू

समस्तीपुर। उजियारपुर थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में दिनदहाड़े हुई गैंगरेप की घटना से क्षेत्र का माहौल अभी सामान्य भी नहीं हो पाया था कि, गुरुवार 23 जुलाई को थाना से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित, प्रखंड मुख्यालय परिसर के महंथ नारायण दास उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में, एक लावारिस देशी कट्टा मिलने से हड़कंप मच गया।

घटना के बाद विद्यालय के शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों के बीच दहशत का माहौल बन गया। सुचना मिलने के बाद उजियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लावारिस हालत में फेंके हुए कट्टा को बरामद कर थाने लेती चली गयी।

इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार 23 जुलाई की दोपहर करीब 3 बजे के आसपास, विद्यालय का एक छात्र लघुशंका के लिए स्कूल भवन के पीछे गया। जहां उसकी नजर एक कक्षा की खिड़की के पीछे पड़े देशी कट्टा पर पड़ी। पहले तो छात्र घबरा गया, लेकिन उसने तुरंत इसकी सूचना विद्यालय के शिक्षकों को दी। सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन हरकत में आया, और विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार ने तत्काल उजियारपुर थाना को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही उजियारपुर पुलिस की टीम विद्यालय पहुंची, और सुरक्षा के बीच देशी कट्टा को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। इसके बाद पुलिस ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया, तथा यह पता लगाने में जुट गई है कि, आखिर यह हथियार वहां कैसे पहुंचा और किस उद्देश्य से उसे विद्यालय परिसर में छिपाकर रखा गया था।

घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन में प्रधानाध्यापक ने आशंका जताई है कि, किसी असामाजिक तत्व द्वारा विद्यालय परिसर में हथियार रखकर माहौल बिगाड़ने या किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की साजिश की गई हो सकती है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों एवं सैकड़ों छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्यालय परिसर में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

वहीं इस संबंध में उजियारपुर थानाध्यक्ष अजित कुमार ने बताया कि, विद्यालय के एक वर्ग कक्ष की खिड़की के पीछे से एक देशी कट्टा लावारिस हालत में बरामद किया गया है। जिसे जब्त कर लिया गया है, और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। विद्यालय कर्मियों तथा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हथियार किसने और कब वहां रखा।

गौरतलब हो कि उजियारपुर क्षेत्र में हाल के दिनों में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। पहले नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई, और अब विद्यालय परिसर से हथियार की बरामदगी ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना से बेहद कम दूरी पर स्थित, विद्यालय में हथियार का मिलना सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता बढ़ाने वाला मामला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button