ई-रिक्शा सवार महिला से दिनदहाड़े सोने के जेवरात की छिनतई, महिला ने बदमाशों को पकड़ा! स्थानीय ग्रामीणों ने भगाया! पिड़िता का दावा! आवेदन देने के समय थाना पर भी दिखा दोनों बदमाश! बावजूद थानाध्यक्ष ने नहीं किया गिरफ्तार

समस्तीपुर। उजियारपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने ई-रिक्शा से जा रही एक महिला के गले से सोने के जेवरात छीन लिए। महिला ने साहस का परिचय देते हुए दोनों बदमाशों को पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन मारपीट और गाली-गलौज करते हुए दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर उजियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची, और मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़िता की पहचान मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के बिशनपुर बेरी वार्ड संख्या-03 निवासी रघुवीर राम की 38 वर्षीय पत्नी रंजू कुमारी के रूप में हुई है। घटना 6 जुलाई की दोपहर करीब 1:30 बजे उजियारपुर थाना क्षेत्र के प्रेम ब्रह्मंडा गांव के पास एसएच-88 पर की बतायी जा रही है।
पीड़िता ने बताया कि वह अपनी गोतनी के साथ ई-रिक्शा से दलसिंहसराय इलाज कराने जा रही थीं। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार दो युवक ई-रिक्शा को ओवरटेक कर रोक दिए और उनके गले से दो सोने का जिउतिया तथा एक सोने की चकती छीन ली।
जिसके बाद उसने हिम्मत दिखाते हुए दोनों बदमाशों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। इस दौरान बदमाशों ने उनके और उनकी गोतनी के साथ मारपीट व गाली-गलौज की। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण जुटने लगे, जिसके बाद दोनों युवक बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद सूचना मिलने पर उजियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता व स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आवेदन देने की बात कहकर लौट गई।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह 7 जुलाई को आवेदन देने उजियारपुर थाना पहुंचीं तो सोने की चकती छीनने वाले दोनों युवक थाना परिसर में ही मौजूद था। उन्होंने उसकी पहचान भी की, लेकिन पूछताछ के बाद थानाध्यक्ष ने दोनों युवक को छोड़ दिया।
इस संबंध में उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि, महिला द्वारा बाइक सवार युवकों पर सोने का जिउतिया और सोने की चकती छीनने का आरोप लगाया गया है। जिस युवक की पहचान पीड़िता कर रही हैं, उसे जब-जब थाने बुलाया गया, वह उपस्थित हुआ है। इसलिए प्रथम दृष्टया उस पर संदेह करना कठिन प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। महिला का आवेदन प्राप्त हो गया है, जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



