समस्तीपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: एक महीने से लापता छात्र ईशांत की 10 फीट गहरे गड्ढे से मिली लाश, हत्या कर प्लास्टिक में लपेटकर दफनाया था शव

समस्तीपुर। जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय छात्र ईशांत कुमार उर्फ छोटू की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। करीब एक महीने से लापता छात्र का शव बुधवार 08 जुलाई की देर रात पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 10 फीट गहरे गड्ढे से बरामद किया। शव प्लास्टिक में लिपटा हुआ था, और उसे सुनसान खेत में दफनाया गया था, ताकि हत्या का राज कभी सामने न आ सके। मृतक ईशांत कुमार विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के बंगराहा पंचायत निवासी, किसान रामप्रीत राय का पुत्र था तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय बंगराहा में नौवीं कक्षा का छात्र था।
10 जून को घर से निकला, फिर नहीं लौटा
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 जून की शाम ईशांत अपने दोस्तों के बुलाने पर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता ने विद्यापतिनगर थाना में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए गांव के चार युवकों पर साजिश का आरोप लगाया था।
मामले को लेकर 12 जून को आक्रोशित ग्रामीणों ने बंगराहा चौक जाम कर प्रदर्शन भी किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह 19 जून को स्वयं गांव पहुंचे थे, और परिजनों को शीघ्र खुलासे का भरोसा दिया था। इसके बाद एसआईटी का गठन कर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की गई थी तथा खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई।
आरोपी के सरेंडर के बाद खुला हत्या का राज
इसी बीच आरोपी आनंदी सिंह ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। रिमांड पर लेकर की गई पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल बुधवार 08 जुलाई की रात कलना चौर पहुंचा।
जहां जेसीबी मशीन से करीब 10 फीट गहरी खुदाई कराई गई। जहां से प्लास्टिक में लिपटा ईशांत का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं, जबकि बेटे का शव देखकर परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
शव बरामद होने के बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया। मौके पर थानाध्यक्ष सूरज कुमार, अनुसंधानकर्ता सलीम रजा सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
10 जून को ही कर दी थी हत्या
दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि, आरोपी आनंदी सिंह ने खुलासा किया है कि, उसने अपने भतीजे रंजीत सिंह और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर 10 जून को ही ईशांत की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को प्लास्टिक में लपेटकर सुनसान खेत में गहरे गड्ढे में दफना दिया गया। प्रारंभिक जांच में छात्र के गले पर कटने के निशान मिले हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के तरीके और अन्य तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।




