छात्र-युवा आक्रोश दिवस पर समस्तीपुर शहर में निकला जुलूस, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, भाकपा माले एवं आरवाईए ने राष्ट्रव्यापी अह्वान पर निकाला आक्रोश मार्च

समस्तीपुर। जिला मुख्यालय के पटेल गोलंबर चौक पर भाकपा माले के छात्र संगठनों के द्वारा, सोमवार 20 जुलाई को, पेपर लीक, शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में, आरवाईए एवं भाकपा-माले के बैनर तले आक्रोश मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की, तथा जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
पटेल गोलंबर से निकले इस आक्रोश मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए। जुलूस समाहरणालय, ओवरब्रिज चौराहा, महिला कॉलेज, नगर थाना एवं मुफस्सिल थाना होते हुए कर्पूरी स्थल पहुंचा, जहां आइसा द्वारा आयोजित सभा में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शन के दौरान छात्र-युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बार-बार पेपर लीक और परीक्षा में धांधली से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार इस समस्या पर अंकुश लगाने में विफल रही है।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा-माले के जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार ने कहा कि, शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार, परीक्षा संचालन में अनियमितता और छात्रों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ देशभर में आंदोलन चल रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आरवाईए के जिला सचिव रौशन कुमार ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में आरोप लगाया कि, सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।
सभा का संचालन करते हुए भाकपा-माले जिला स्थायी समिति सदस्य सह आइसा-आरवाईए जिला प्रभारी सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि, छात्रों और युवाओं की समस्याओं के समाधान, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की गारंटी के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम में राजद के शाहिद हुसैन, राम विनोद पासवान, डॉ. सूरज कुमार दास, पूर्व पार्षद अर्जुन राय, भाकपा-माले के ललन कुमार, महावीर पोद्दार, जीबछ पासवान, अनील कुमार चौधरी, रामचंद्र पासवान, डॉ. खुर्शीद खैर, उपेंद्र राय, दीनबंधु प्रसाद, दिनेश साह, आफताब आलम, आरवाईए के तनंजय प्रकाश, ललन कुमार उर्फ कुंदन राय सहित बड़ी संख्या में भाकपा-माले, आरवाईए और छात्र-युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




