समस्तीपुर में AISA का प्रतिरोध मार्च, जंतर-मंतर में कार्रवाई के विरोध में किया प्रदर्शन

समस्तीपुर। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की कॉलेज इकाई ने शनिवार 18 जुलाई को, बलिराम भगत महाविद्यालय परिसर से प्रतिरोध मार्च निकालकर मुख्य द्वार पर विरोध-सभा आयोजित की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में आवाज उठाई और कथित पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आइसा कॉलेज इकाई अध्यक्ष अनमोल कुमार ने किया, जबकि संचालन नवीन कुमार ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए आइसा जिलाध्यक्ष लोकेश राज ने कहा कि, जंतर-मंतर पर छात्र लंबे समय से विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक को पुलिस ने जबरन हिरासत में ले लिया है, और छात्र नेताओं के साथ भी सख्ती बरती गई है। उन्होंने कहा कि छात्र शिक्षा व्यवस्था में सुधार, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता तथा पेपर लीक के मामलों पर जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।
आइसा जिला उपाध्यक्ष दीपक कुमार यदुववंशी ने कहा कि, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसमें व्यापक सुधार की मांग की, साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग दोहराई।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विभिन्न मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और कहा कि जब तक परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। इस मौके पर हिमांशु, शंकर, सोनू, शिवा, रोहित, सजन, विकास, चंद्रशेखर, समा परवीन, अंजलि कुमारी, आराधना कुमारी, शबीना परवीन, आमना खातून, अनु कुमारी, शिखा कुमारी, बंटी कुमार, श्रवण कुमार सहित कई छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




