राजनिति

NEET पेपर लीक, महंगाई और बेरोज़गारी के विरोध में कांग्रेस ने फूंका प्रधानमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला

समस्तीपुर। उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में, सोमवार 06 जुलाई को, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर प्रखंड कांग्रेस कमिटी उजियारपुर ने, NEET परीक्षा में कथित अनियमितता, लगातार हो रहे पेपर लीक, बढ़ती महंगाई, बेरोज़गारी और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में, प्रधानमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस कमिटी के नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार कुशवाहा ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद अबू तमीम, पूर्व महासचिव मुकेश कुमार चौधरी, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष उमेश चन्द्र कुमार तथा युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रितेश कुमार चौधरी सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए मोहम्मद अबू तमीम ने कहा कि, प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक की घटनाओं ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई और बेरोज़गारी से आम जनता परेशान है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की।

पूर्व महासचिव मुकेश कुमार चौधरी ने कहा कि, प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भरोसा टूटा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

पूर्व प्रखंड अध्यक्ष उमेश चन्द्र कुमार ने महंगाई, बेरोज़गारी और भ्रष्टाचार को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।

युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रितेश कुमार चौधरी ने कहा कि, देश का युवा रोजगार, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और समान अवसर की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार इन अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से युवाओं की आवाज़ उठाती रहेगी।

अध्यक्षीय संबोधन में अनिल कुमार कुशवाहा ने कहा कि कांग्रेस छात्रों, युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई आगे भी सड़क से सदन तक जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से जनहित से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।

प्रदर्शन में भाग्य नारायण सिंह, राम विलास राय, बीरेंद्र राय, राज बीरेंद्र राय, प्रेम कुमार कुशवाहा, रविरंजन दुबे, मुकेश कुमार झा, जनक बैठा, मोहम्मद इमरान, गौरी शंकर चौधरी, रिंकू देवी, रानी कुमारी, प्रमोद कुमार साहनी, सुरेश कुमार, अमरेश झा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button