नगर थाना क्षेत्र में बाईक चोर का आतंक, निजि नर्सिंग होम के बाहर से दिन-दहाड़े उड़ा लिया बाईक, चोरी की घटना CCTV में हुई कैद, घटना के 04 दिनों बाद भी नही हुई FIR

समस्तीपुर। जिले में इन दिनों मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती ही जा रही हैं। सक्रिय बाइक चोर गिरोह आम लोगों के साथ-साथ नौकरीपेशा लोगों को भी निशाना बनाने से पीछे नही हट रहे हैं। ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर मुहल्ला का है।
जहां बहादुरपुर मुहल्ला स्थित एक निजि नर्सिंग होम के फार्मासिस्ट की बाइक दिनदहाड़े नर्सिंग होम के बाहर से कर ली गयी। घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी न तो प्राथमिकी दर्ज हो सकी है, और न ही बाइक ही बरामद की जा सकी है, जिससे पीड़ित लगातार नगर थाना का चक्कर लगाने को मजबूर है।

घटना के संबंध में उजियारपुर थाना क्षेत्र के पतैली पश्चिमी पंचायत निवासी, पिड़ित युवक मिथिलेश कुमार ने बताया कि, वह नगर थाना समस्तीपुर क्षेत्र के बहादुरपुर मुहल्ला स्थित एक निजि नर्सिंग होम में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार 25 जुलाई को वह प्रतिदिन की तरह ही अपनी स्प्लेंडर बाईक लेकर नर्सिंग होम पहुंचे, और नर्सिंग होम परिसर के बाहर अपनी बाईक खड़ी कर ड्यूटी पर चले गए।
करीब सुबह 10:30 बजे जब वह नर्सिंग होम से बाहर निकले तो, उनकी बाइक मौके से गायब थी। जिसके बाद उन्होंने नर्सिंग होम के आसपास अपनी बाईक को काफी देर तक खोजते रहे, लेकिन कुछ भी पता नही चला। इसके बाद उन्होंने नगर थाना समस्तीपुर में लिखित आवेदन देकर बाइक बरामद करने एवं अज्ञात चोरों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। लेकिन आज घटना के 04 दिनों बाद भी नगर थानाध्यक्ष के द्वारा ना तो अज्ञात चोरों के विरूद्ध प्राथमिकी ही दर्ज किया गया है, और नाही बाईक ही बरामद किया जा सका है। जबकि उन्होंने बाईक चोरी की घटना का सीसीटीवी फूटेज भी थानाध्यक्ष को सौंप दिया गया, बाबजूद कोई कार्रवाई नही की गयी है।
वहीं इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार का बताना है कि, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बहूत जल्द चोरी के इस घटना का सफल उद्भेदन कर दिया जाएगा। आपको बता दें कि, जिले में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि समस्तीपुर पुलिस इस मामले का खुलासा कर आरोपी को कब तक गिरफ्तार करती है।




