क्राईम

ज्वेलरी दुकानदार की हत्या के विरोध में एनएच-122 जाम, परिजनों और ग्रामीणों ने किया हंगामा, मूकदर्शक बनी रही दलसिंहसराय पुलिस

दलसिंहसराय (समस्तीपुर)। दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकानदार राजेश पोद्दार की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद, मंगलवार 27 अक्टूबर को परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव घर पहुंचने पर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने, एनएच-122 को जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा भी किया और सड़क पर विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस-प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

सड़क जाम कर रहे लोगों का कहना था कि, ज्वेलरी दुकानदार की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ऐसे में पुलिस प्रशासन को अविलंब कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार करना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और मृतक के परिजनों की सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई। लोगों ने कहा कि परिवार को न्याय मिलने के साथ-साथ उसकी सुरक्षा के लिए भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

सड़क जाम के कारण एनएच-122 पर घंटों आवागमन प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही बाधित होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, और लोगों में हत्या को लेकर गहरा आक्रोश भी देखा गया।

काफी मशक्कत के बाद स्थानीय गणमान्य लोगों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया, तब जाकर सड़क जाम समाप्त कराया जा सका। जिसके बाद आवागमन पुनः बहाल कराया जा सका। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने अपराधियों की गिरफ्तारी, मुआवजे और परिवार की सुरक्षा की मांग को भी प्रमुखता से उठाया।

दुकान से घर लौटने के दौरान हुई थी हत्या

गौरतलब है कि दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के सरदारगंज निवासी राजेश पोद्दार की सोमवार 26 अक्टूबर की शाम करीब आठ बजे अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बताया गया है कि वह काली चौक स्थित अपनी दुकान से लौटकर पगड़ा गांव स्थित अपने नवनिर्मित मकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी।

ज्वेलरी दुकानदार की हत्या से क्षेत्र के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल देखा जा रहा है। अब मृतक के परिजनों और ग्रामीणों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। लोगों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार करेगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी, लेकिन दलसिंहसराय थानाध्यक्ष की कार्यशैली को देखकर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद लगाना थोड़ा कठिन लग रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button