ज्वेलरी दुकान में लूट की कोशिश नाकाम, विरोध करने पर बदमाशों ने स्वर्ण कारोबारी को मारी गोली

समस्तीपुर: जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघिया बाजार में गुरूवार 16 जुलाई की देर शाम, हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान में लूटपाट की कोशिश नाकाम होने पर स्वर्ण व्यवसायी को गोली मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली स्वर्ण व्यवसायी दिनेश साह के पैर में लगी है। जिन्हें ईलाज के लिए स्थानीय लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विभूतिपुर में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सुचना मिलते ही विभूतिपुर पुलिस मौके पर पहुंच घटना की छानबीन में जुट गयी है।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार 16 जुलाई की देर शाम चार पहिया वाहन बोलेरो पर सवार करीब सात हथियारबंद अपराधी दिनेश ज्वेलर्स एण्ड सन्स नामक जवेलरी दुकान पर पहुंचे, तथा लूटपाट का प्रयास करने लगे। जिसका ज्वेलरी दुकानदार दिनेश साह ने विरोध करना शुरू कर दिया।
ज्वेलर्स व्यवसायी के द्वारा किए गए आक्रामक विरोध के कारण, बदमाश लूटपाट की घटना को अंजाम देने में विफल हो गए। जिसके बाद बदमाशों ने ज्वेलरी व्यवसायी दिनेश साह को गोली मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज व शोरगुल सुनकर आसपास के दुकानदार इकट्ठा होने लगे। जिससे डरकर सभी बदमाश बोलेरो पर सवार होकर भाग निकले।
घायल कारोबारी दिनेश साह का बताना है कि, गोली लगने के बावजूद उन्होंने अपराधियों का डटकर मुकाबला किया और अपनी दुकान लूटने नहीं दी। जिसके बाद सभी अपराधी बोलेरो में सवार होकर फरार हो गए।
इधर इस लूट के नाकाम कोशिश की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुट गयी है, तथा फूटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान व उसकी गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी शुरू कर दी गई है।
हालांकि इस घटना के बाद से सिंघिया बाजार के व्यवसायियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




