राजनिति

एलएनएमयू में एमएसयू विश्वविद्यालय इकाई का पुनर्गठन, गौतम झा बने अध्यक्ष; 2 सितंबर को आंदोलन का ऐलान

दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू) में मिथिला स्टूडेंट यूनियन (एमएसयू) की विश्वविद्यालय इकाई का पुनर्गठन किया गया है। संगठन के चुनाव में गौतम झा विश्वविद्यालय अध्यक्ष चुने गए, जबकि आदर्श मिश्रा को सर्वसम्मति से विश्वविद्यालय महासचिव बनाया गया। इसके साथ ही एमएसयू ने आगामी 2 सितंबर को ‘एलएनएमयू चलो’ नाम से बड़े छात्र आंदोलन की घोषणा की है।

रविवार 05 जुलाई को विश्वविद्यालय परिसर स्थित पीएनबी बैंक परिसर के पास आयोजित बैठक में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के लिए गौतम झा और आदर्श मिश्रा के बीच मतदान कराया गया। जिसमें गौतम झा को 22 वोट और आदर्श मिश्रा को 13 वोट प्राप्त हुए। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी संगठन के राष्ट्रीय एवं विश्वविद्यालय स्तर के पदाधिकारियों द्वारा की गई।

बैठक में एमएसयू ने बताया कि 2 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘एलएनएमयू चलो’ आंदोलन के दौरान कई महत्वपूर्ण छात्रहित संबंधी मांगें उठाई जाएंगी। इनमें छात्रसंघ चुनाव की शीघ्र घोषणा, शैक्षणिक कैलेंडर का नियमित पालन, सभी कॉलेजों में छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराना, रिक्त पदों पर शिक्षकों की तत्काल नियुक्ति, विश्वविद्यालय और कॉलेजों को दलाल-मुक्त बनाना, सभी कॉलेजों में समान शुल्क व्यवस्था लागू करना तथा एससी-एसटी विद्यार्थियों और सभी छात्राओं की फीस माफ करना शामिल है।

संगठन ने विश्वविद्यालय इकाई के विस्तार और सभी कॉलेजों में नई टीमों के गठन का भी निर्णय लिया है, ताकि प्रस्तावित आंदोलन को व्यापक रूप से सफल बनाया जा सके। बैठक में एमएसयू के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन के नेताओं ने कहा कि छात्र हितों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और 2 सितंबर का आंदोलन विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए निर्णायक संदेश साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button