क्राईम

दूध कारोबारी को बदमाशों ने मारी गोली, सदर अस्पताल रेफर

उजियारपुर। थाना क्षेत्र के धमुआं चौक के पास शनिवार, 5 सितंबर की देर शाम करीब 9 बजे, बाईक बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए पीएचसी उजियारपुर में भर्ती  पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया।

घायल युवक की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के पतैली पूर्वी पंचायत के हीरोडीह निवासी, राजेश पासवान के 28 वर्षीय पुत्र संजीव पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संजीव दूध का कारोबार करता है। घटना के समय वह दूध लेकर धमुआं चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान धमुआं चौक से करीब 500 मीटर पहले, पुर्व से घात लगाए बदमाशों ने संजीव पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को अपनी ओर आता देख बदमाश मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की संख्या दो थी और दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर आए थे। घटना की सूचना मिलते ही उजियारपुर पुलिस पीएचसी पहुंची और घायल से जानकारी लेकर मामले की छानबीन में जुट गई।

घटना के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस बदमाशों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button