क्राईम

स्कूल जा रही छात्रा की गोली मारकर हत्या, तीन गोलियां लगने से मौके पर हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस

समस्तीपुर। जिले के वैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत केजिया मंगल स्थान के पास सोमवार 20 जुलाई की सुबह, स्कूल जा रही एक छात्रा की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। छात्रा को तीन गोलियां लगने की बात सामने आ रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी।

मृतका की पहचान वैनी थाना क्षेत्र के केजिया वार्ड संख्या-14 निवासी, उमेश ठाकुर की 19 वर्षिया पुत्री सोनम कुमारी के रूप में की गयी है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि, सोनम रोज की तरह सोमवार 20 जुलाई की सुबह भी घर से विद्यालय जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान केजिया मंगल स्थान के पास, पहले से घात लगाए हमलावर युवक ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का दावा है कि, इस दौरान उक्त छात्रा को तीन गोली जा लगी। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर हीं हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वैनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया, तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इधर छात्रा की हत्या से आक्रोशित ग्रामीण वैनी थाना पहुंच थाना के मुख्य द्वार पर विरोध-प्रदर्शन करते हुए, टायर जलाकर सड़क जाम करने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने, लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हमलावर पास के ही एक गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। कुछ लोगों का दावा है कि वह छात्रा से एकतरफा प्रेम करता था, और उससे शादी भी करना चाहता था, लेकिन छात्रा द्वारा लगातार प्रेम और शादी करने से इनकार किया जाता रहा। जिसके बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि, हाल के दिनों में जिले में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से, इस घटना में शामिल हमलावर बदमाश युवक की शीघ्र गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं पुलिस का कहना है कि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button