84 बोतल मैजिक मूमेंट के साथ एक शराब धंधेबाज गिरफ्तार, पुलिस ने शुरू की पूछताछ

समस्तीपुर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गरूआरा गांव में स्थानीय पुलिस ने, गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी करते हुए, भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद किया है। छापामारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक शराब धंधेबाज को भी गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाने की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि, गरूआरा गांव में एक बड़ी शराब की खेप रखकर उसकी बिक्री की जा रही है। सुचना के आधार पर जब मुफस्सिल थाने की गश्ती टीम में शामिल, पुलिस अवर निरीक्षक वीरेश्वर प्रसाद सिंह व राम कुमार सिंह गरूआरा गांव के उस इलाके में छापेमारी करने पहुंचे तो, इस कार्रवाई के दौरान कुल 63 लीटर विदेशी शराब बरामद किया गया।
बरामद शराब में 750 एमएल की मैजिक मूमेंट शराब की 84 बोतलें शामिल बताई गई हैं। शराब की खेप बरामद होने के बाद पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गरूआरा गांव निवासी, स्वर्गीय गनौर राय के 50 वर्षीय पुत्र उमेश राय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति से शराब के स्रोत और इसके कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त करते हुए, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध मद्यनिषेध अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई करने में जुट गयी है, साथ ही मुफस्सिल पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी हुई है कि, बरामद शराब की खेप कहां से लाई गई थी, और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।



