रंजन ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ, सात दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का रिबन काटकर हुआ उद्घाटन, युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने पर दिया गया जोर

समस्तीपुर। सरायरंजन प्रखंड क्षेत्र के गंगसारा पंचायत स्थित उच्च विद्यालय अहमदपुर के प्रांगण में, रविवार 25 अक्टूबर को, सात दिवसीय रंजन ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन भूतपूर्व सैनिक मुकेश झा, पूर्व जिला परिषद सदस्य हरेराम सहनी, सरपंच प्रतिनिधि मुकेश कुमार, समाजसेवी नवनीत कुमार ठाकुर, समाजसेवी रंजीत सहनी तथा पूर्व पंचायत समिति सदस्य सह युवा समाजसेवी संजीव कुमार इन्कलाबी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर युवा समाजसेवी संजीव कुमार इन्कलाबी ने कहा कि, वर्तमान समय में युवा और बच्चे मोबाइल की दुनिया में अधिक समय बिता रहे हैं। ऐसे में खेलकूद के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना बेहद जरूरी है। खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और अनुशासन को भी मजबूत बनाता है। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजक चंचल ईश्वर की सकारात्मक पहल की सराहना करते हुए कहा कि, समाज में युवाओं को खेल से जोड़ने वाली ऐसी सोच की आवश्यकता है।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला सरायरंजन और तीसबारा की टीमों के बीच खेला गया। मुकाबले में तीसबारा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए, नौ विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए, जबकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरायरंजन की टीम ने छह विकेट गंवाकर जीत हासिल कर लिया। इस जीत के साथ सरायरंजन की टीम ने प्रतियोगिता के पहले लीग मुकाबले में अपना दबदबा कायम किया।
मैच में निर्णायक भूमिका केशव झा और दिव्यांशु कुमार झा ने निभाई, जबकि पंकज कुमार ठाकुर ने कमेंटेटर के रूप में मुकाबले का संचालन किया। इस दौरान खेल आयोजन से जुड़े लोगों के साथ दर्जनों खेलप्रेमी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सात दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर स्थानीय युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा गया।

