खेल

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आगाज, मैदान में दिखा खिलाड़ियों का जोश,
चार दिनों तक तीन प्रमुख स्थलों पर होंगी विभिन्न खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं

समस्तीपुर। जिले में विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को मंच देने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हुआ। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों के विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ी अलग-अलग खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता का उद्घाटन खेल भवन सभागार में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, एडीएम आपदा राजेश कुमार सिंह, सदर एसडीओ राकेश कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अली इकराम, एडीएमओ अनुष्का श्रीवास्तव एवं जिला कला संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह का संचालन प्रधानाध्यापक अनंत कुमार राय ने किया। उद्घाटन के बाद खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई गई। खिलाड़ियों ने निष्पक्षता, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संकल्प लिया।

इसके बाद कबड्डी कोर्ट पर उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने नारियल फोड़कर प्रतियोगिता की विधिवत शुरुआत की। इस दौरान खिलाड़ियों ने तालियों के साथ प्रतियोगिता का स्वागत किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

तीन प्रमुख स्थलों पर होंगी स्पर्धाएं

जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि, प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेलों की स्पर्धाएं तीन प्रमुख स्थलों पर आयोजित की जा रही हैं। खेल भवन में कबड्डी, ताइक्वांडो, कुश्ती एवं योग की प्रतियोगिताएं होंगी। पटेल मैदान में एथलेटिक्स के ट्रैक इवेंट, बैडमिंटन एवं फुटबॉल की प्रतियोगिता तथा क्रिकेट का ट्रायल कराया जाएगा। वहीं पोद्दार इंटरनेशनल विद्यालय में खो-खो की स्पर्धाएं आयोजित होंगी।

पहले दिन अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, कुश्ती, रग्बी, बास्केटबॉल, ताइक्वांडो, कराटे, शतरंज, योग, क्रिकेट, वुशु, हैंडबॉल एवं हॉकी समेत कई खेल विधाओं को शामिल किया गया है।

खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी कर आगे की प्रतियोगिताओं के लिए टीमों के गठन में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अवसर दिया जाएगा। आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला खेल कार्यालय की ओर से 45 शारीरिक शिक्षकों एवं सहायक शिक्षकों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

आयोजन स्थलों पर खिलाड़ियों के आवागमन, प्रतियोगिता संचालन, अनुशासन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर तैयारी की गई है। खिलाड़ियों की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे खिलाड़ियों की मौजूदगी से खेल भवन परिसर में पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा। चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय स्तर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आगे की प्रतियोगिताओं के लिए चयन का अवसर भी मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button