प्रदर्शन

जंतर-मंतर लाठीचार्ज व राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का प्रतिरोध मार्च, प्रधानमंत्री का किया पुतला दहन

समस्तीपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ की गयी कार्रवाई के विरोध में, बुधवार 22 जुलाई को, जिला कांग्रेस कमिटी एवं युवा कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में जोरदार प्रतिरोध मार्च निकाला गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काला बिल्ला लगाकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया तथा समाहरणालय गेट के समीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया।

प्रतिरोध मार्च की शुरुआत सरकारी बस पड़ाव से हुई। वहां से बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर पटेल गोलंबर, स्टेडियम मार्केट होते हुए समाहरणालय पहुंचे। पूरे मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, और छात्रों के आंदोलन पर बल प्रयोग किए जाने की कड़ी आलोचना की।

समाहरणालय गेट के समक्ष आयोजित सभा को संबोधित करते हुए, कांग्रेस के पुर्व जिला महासचिव मुकेश कुमार चौधरी ने कहा कि, लोकतांत्रिक व्यवस्था की आड़ में मोदी सरकार के द्वारा छात्रों, युवाओं और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना, लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रितेश कुमार चौधरी ने कहा कि, देश के युवाओं, छात्रों और आम जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय, केंद्र सरकार विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का संवैधानिक अधिकार है, जिसे किसी भी कीमत पर छीना नहीं जा सकता है।

सभा के अंत में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया, और केंद्र सरकार से छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कराने तथा हिरासत में लिए गए नेताओं और कार्यकर्ताओं को तत्काल रिहा करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया।

मौके पर पूर्व जिला महासचिव मुकेश कुमार चौधरी, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रितेश कुमार चौधरी, प्रदेश महासचिव मोहम्मद मोईउद्दीन, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा, एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिनव अंशु, राष्ट्रीय संयोजक अबु तनवीर, युवा कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष अजय कुमार राय, देवेंद्र कुमार राय, विरेन्द्र राय, गौड़ी शंकर चौधरी, सुमित कुमार, गोलू लाल यादव उर्फ सचिन कुमार, नवनीत यादव, आनंद यादव, विवेक विराज, हिमांशु शेखर, ललन यादव, हरीश यादव, भरत कुमार, राकेश कुमार, आदर्श झा सहित जिला कांग्रेस कमिटी, युवा कांग्रेस सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button