राजनिति

भाकपा (माले) पूर्वी जोन की बैठक सफलतापूर्वक संपन्न, किसान-मजदूर सदस्यता अभियान चलाने का लिया गया निर्णय

समस्तीपुर। भाकपा (माले) उजियारपुर पूर्वी जोन की बैठक शुक्रवार 10 जुलाई को, अंगारघाट पंचायत में मोहम्मद अब्दुल सलाम के आवासीय परिसर में, समीम मंसूरी की अध्यक्षता तथा धनंजय प्रकाश के संचालन में संपन्न हुई। बैठक में अखिल भारतीय किसान महासभा और अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के सदस्यता अभियान को सभी पंचायतों में व्यापक स्तर पर चलाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में तय किया गया कि, जन संगठनों के विस्तार और मजबूती के साथ किसानों एवं मजदूरों के बुनियादी मुद्दों पर संघर्ष को तेज करने के लिए प्रत्येक पंचायत में अखिल भारतीय किसान महासभा के 500 किसानों तथा अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के 1000 मजदूरों को सदस्य बनाया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा माले के वरिष्ठ नेता महावीर पोद्दार ने कहा कि, यदि केंद्र और राज्य सरकार स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू कर, कृषि उपज का मूल्य सी-टू लागत पर 50 प्रतिशत लाभ (C2+50%) के आधार पर तय करती तो, किसानों और मजदूरों को इसका लाभ मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार ने, कृषि क्षेत्र में बड़े पूंजीपतियों को बढ़ावा देकर किसानों को महंगाई की मार झेलने के लिए मजबूर कर दिया है।

उन्होंने कहा कि मजदूरों के लिए बने 44 श्रम कानूनों को समाप्त कर चार लेबर कोड लागू किए गए हैं, जिससे श्रमिकों के अधिकार कमजोर हुए हैं। साथ ही आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार ने सार्वजनिक संपत्तियों का निजीकरण किया है, जिससे महंगाई और बेरोजगारी की समस्या गंभीर हुई है। उन्होंने लोगों से इन परिस्थितियों के खिलाफ संगठित संघर्ष में शामिल होने का आह्वान किया।

बैठक को किसान महासभा के प्रखंड सचिव दिलीप कुमार राय, खेग्रामस के प्रखंड सचिव धनंजय प्रकाश, राम सगुण सिंह, जागेश्वर राय, मंटेश चौधरी, रामचंद्र राय, राम बाबू राय, कुंदन पासवान, मो. ताजुद्दीन खान, जागो साह, अशर्फी राय, मनटून राय, वीरेंद्र पासवान और मो. आलम सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button