बिहार पुलिस

दो फरार आरोपितों के घर इस्तेहार चस्पा, 15 दिनों में सरेंडर नहीं करने पर होगी कुर्की-जब्ती

मधुबनी। मधुबनी न्यायालय के निर्देश पर खजौली थाना पुलिस ने गुरुवार 09 जुलाई को, फरार चल रहे दो आरोपितों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए, उनके घरों पर इस्तेहार चस्पा दिया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई खजौली थाना क्षेत्र के भकुआ पंचायत में की गई।

थानाध्यक्ष सपन कुमार के नेतृत्व में एसआई फिरोज आलम एवं पुलिस बल ने दोनों आरोपितों के घर पहुंचकर न्यायालय द्वारा जारी इस्तेहार चस्पाया और स्थानीय लोगों को भी इसकी जानकारी दी। पुलिस ने संबंधित आरोपितों को निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की चेतावनी भी दी।

पुलिस के अनुसार जिन आरोपितों के घर इस्तेहार चस्पाया गया, उनमें मो. जफर के पुत्र मो. तुफैल उर्फ एजाज तथा स्वर्गीय सफी अहमद के पुत्र मो. जफर शामिल हैं। दोनों लंबे समय से फरार चल रहे हैं और न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे थे। इसके बाद न्यायालय ने उनके विरुद्ध इस्तेहार जारी करने का आदेश दिया।

थानाध्यक्ष सपन कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत दोनों आरोपितों के घरों पर इस्तेहार चस्पा किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि दोनों आरोपित 15 दिनों के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं या पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाती है, तो न्यायालय के अगले आदेश के अनुसार उनके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया के तहत फरार आरोपितों की चल-अचल संपत्तियों को कानून के अनुसार जब्त किया जा सकता है। इसलिए आरोपितों के लिए बेहतर होगा कि वह समय रहते न्यायालय के समक्ष उपस्थित होकर विधिक प्रक्रिया का पालन करें।

खजौली थाना पुलिस ने दोनों फरार आरोपितों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से आत्मसमर्पण करें। पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी भी कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button