‘पुलिस दीदी’ अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की सक्रियता आई नजर! महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सार्वजनिक स्थानों पर नियमित भ्रमण कर रही जमुई पुलिस, की “पुलिस दीदी”

जमुई। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर, जमुई पुलिस द्वारा जिले में ‘पुलिस दीदी’ अभियान के तहत लगातार जागरूकता एवं पुलिस सहायता की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शनिवार 26 सितम्बर को भी जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर, पुलिस दीदी के माध्यम से नियमित भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
मौके पर मौजूद पुलिस दीदी ने बताया कि, इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ, उन्हें अपने अधिकारों और उपलब्ध पुलिस सहायता के प्रति जागरूक करना भी है। पुलिस टीम द्वारा सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, शिक्षण संस्थानों एवं महिलाओं की आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर, उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़खानी, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही, महिलाओं को यह भरोसा दिलाया जा रहा है कि, उनकी शिकायतों पर पुलिस द्वारा संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
जमुई पुलिस के अनुसार, ‘पुलिस दीदी’ पहल केवल पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के बीच विश्वास कायम करने और उन्हें आवश्यकता पड़ने पर बेझिझक पुलिस सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस टीम द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी सावधानियों तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की मदद लेने के तरीकों की भी जानकारी दी जा रही है।
जमुई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि, महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। जिले में महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाए रखने तथा जरूरत के समय त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी। जमुई पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि, महिलाएं और बालिकाएं किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर, बिना किसी संकोच के स्थानीय पुलिस या डायल नंबर-112 से संपर्क कर सकते हैं।



