झंझारपुर पहुंचे ग्रामीण एसपी शुभम धाकड़, अपराध पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने के दिए निर्देश

मधुबनी। मधुबनी के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम धाकड़ ने, गुरुवार 09 जुलाई को झंझारपुर अनुमंडल का औचक दौरा किया। पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनका पहला झंझारपुर दौरा था। इस दौरान उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय पहुंचकर क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को अपराध नियंत्रण को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश भी दिए।
एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में ग्रामीण एसपी ने झंझारपुर अनुमंडल के सभी थानों की वर्तमान स्थिति, अपराध ग्राफ, लंबित मामलों, पुलिस बल की उपलब्धता तथा संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आम जनता को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान ग्रामीण एसपी शुभम धाकड़ ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि, उन्हें बेनीपट्टी, जयनगर, झंझारपुर और फुलपरास अनुमंडलों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसी क्रम में वह सभी अनुमंडलों का भ्रमण कर वहां की भौगोलिक परिस्थितियों, अपराध की प्रवृत्ति और पुलिस व्यवस्था का प्रत्यक्ष आकलन कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप बेहतर रणनीति बनाई जा सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाएगी। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी थानाध्यक्षों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, नियमित एवं प्रभावी गश्ती बढ़ाने, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
बैठक के दौरान एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने ग्रामीण एसपी को झंझारपुर अनुमंडल के सभी थाना क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों, पुलिस बल की उपलब्धता तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों की चुनौतियों से भी अवगत कराया। विशेष रूप से झंझारपुर के नदी तटीय और बाढ़ प्रभावित इलाकों में होने वाली घटनाओं तथा वहां पुलिसिंग की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
ग्रामीण एसपी ने कहा कि नदी से घिरे और सीमावर्ती इलाकों में लगातार निगरानी बनाए रखना बेहद आवश्यक है। ऐसे क्षेत्रों में गश्त और पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाएगी, ताकि अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके, और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हो।
करीब आधे घंटे तक चले इस निरीक्षण एवं समीक्षा कार्यक्रम के दौरान एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा और झंझारपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह भी मौजूद रहे। बैठक के बाद ग्रामीण एसपी अगले अनुमंडल के निरीक्षण के लिए रवाना हो गए।
दौरे के अंत में शुभम धाकड़ ने कहा कि उनका क्षेत्रीय भ्रमण लगातार जारी रहेगा। जमीनी स्तर पर पुलिस व्यवस्था का मूल्यांकन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, जिससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम नागरिकों को बेहतर, संवेदनशील और भरोसेमंद पुलिसिंग उपलब्ध कराई जा सके।




