NH-27 पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कंटेनर से 240 बोतल बियर बरामद; चालक गिरफ्तार

सुपौल। बिहार में शराबबंदी कानून के बीच सुपौल पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर एक कंटेनर ट्रक से 240 बोतल बियर बरामद की है। इस मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, भपटियाही थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक के माध्यम से बियर की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने पिपराखुर्द के पास एनएच-27 पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान हरियाणा नंबर (HR73A4167) के कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन में चतुराई से छिपाकर रखे गए 10 कार्टून बरामद हुए। इनमें कुल 240 बोतल बियर रखी गई थी। प्रत्येक बोतल 500 मिलीलीटर की है। पूछताछ और प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह कंटेनर भूटान से इंदौर जा रहा था, लेकिन बियर की खेप को सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र स्थित पिपराखुर्द एनएच-27 पर ही उतारने की योजना थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कंटेनर चालक मोहम्मद वाजिद को गिरफ्तार कर लिया। वह हरियाणा के नूंह (पूर्व मेवात) जिले के नगीना थाना क्षेत्र के राजा गांव का निवासी है।
भपटियाही थाना पुलिस ने कंटेनर और बरामद बियर को जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि खेप किसके लिए मंगाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।




