बिहार पुलिस

गर्ल्स हॉस्टल के आसपास सक्रिय दिखीं ‘पुलिस दीदी’, छात्राओं को दिलाया सुरक्षा का भरोसा

समस्तीपुर। छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर समस्तीपुर पुलिस की ओर से जागरूकता और सुरक्षा गतिविधियों को लगातार बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मगरदही खरीदाबाद स्थित गर्ल्स हॉस्टल, संत कबीर कॉलेज समस्तीपुर, बलिराम भगत महाविद्यालय मोहनपुर, समस्तीपुर के आसपास समस्तीपुर पुलिस की ‘पुलिस दीदी’ टीम सक्रिय नजर आई। टीम ने हॉस्टल के आसपास के इलाके का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, तथा छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

पुलिस दीदी की मौजूदगी से हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं के बीच सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ाने का प्रयास किया गया। टीम ने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, संदिग्ध गतिविधि या अन्य असुरक्षा की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।

‘पुलिस दीदी’ टीम की नेतृत्व कर रही पुलिस अवर निरीक्षक खुशबु कुमारी व प्रिति कुमारी ने छात्राओं को यह भी बताया कि, किसी भी घटना को लेकर डरने या चुप रहने के बजाय समय रहते पुलिस से संपर्क करना जरूरी है। पुलिस की ओर से छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े उपलब्ध सहायता माध्यमों और आपात की स्थिति में पुलिस की मदद लेने के संबंध में भी जानकारी दी गई।

हॉस्टल के आसपास नियमित निगरानी पर जोर

मगरदही खरीदाबाद क्षेत्र में गर्ल्स हॉस्टल के आसपास पुलिस की सक्रियता का उद्देश्य छात्राओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखना बताया गया। पुलिस दीदी टीम ने आसपास के क्षेत्र में भ्रमण करते हुए स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी ली, और छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस सजग है।

पुलिस की इस पहल का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य छात्राओं और पुलिस के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करना भी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें अपनी समस्याएं खुलकर पुलिस के सामने रखने के लिए सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना भी जरूरी है।

छात्राओं से अपील

पुलिस दीदी ने छात्राओं से अपील भी किया की, वह किसी भी अनजान व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि, पीछा किए जाने, छेड़छाड़ अथवा किसी अन्य परेशानी की स्थिति में तत्काल अपने अभिभावकों, हॉस्टल प्रबंधन या पुलिस को जानकारी दें। साथ ही सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों का इस्तेमाल करते समय भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button