सरकारी अस्पतालों में होगी मुफ्त ईसीजी जांच, हृदय रोग की पहचान होगी आसान, जिला अस्पताल से लेकर पीएचसी तक उपलब्ध होगी सुविधा, मरीजों को नहीं देना होगा जांच शुल्क

समस्तीपुर। जिले में आम लोगों को सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से, सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जांच सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला अस्पताल से लेकर अनुमंडलीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) तक ईसीजी जांच की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
ईसीजी हृदय की विद्युत गतिविधियों की जांच करने वाली महत्वपूर्ण चिकित्सकीय प्रक्रिया है। सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, धड़कन में अनियमितता, चक्कर आने या अन्य हृदय संबंधी लक्षणों की स्थिति में, मरीज के चिकित्सकीय मूल्यांकन में ईसीजी जांच एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में यह सुविधा उपलब्ध होने से, मरीजों को अपने नजदीकी केंद्र पर ही आवश्यक जांच कराने की सुविधा मिल सकेगी।
समय पर जांच से उपचार में मिलेगी मदद
स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि, आम नागरिकों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान पर आवश्यक जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध हो, ताकि गंभीर बीमारियों की पहचान और उपचार में अनावश्यक विलंब न हो। चिकित्सक द्वारा ईसीजी की सलाह दिए जाने पर मरीज संबंधित सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में उपलब्ध निशुल्क सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत
सरकारी अस्पतालों में निशुल्क जांच के साथ-साथ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को निजी जांच केंद्रों का सहारा लेने की आवश्यकता कम होगी। इसका सीधा लाभ विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि, हृदय संबंधी लक्षण महसूस होने पर चिकित्सकीय सलाह लें और डॉक्टर द्वारा ईसीजी जांच की सलाह दिए जाने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में उपलब्ध सुविधा का लाभ उठाएं।


