28 दिन बाद भी नहीं हुआ 22 लाख की सर्राफा लूटकांड का खुलासा, SSP से मिलने जाएगा व्यवसायी संघ

दरभंगा। सिमरी थाना क्षेत्र में 1 जून 2026 को हुए चर्चित सर्राफा व्यवसायी सीबू ठाकुर लूटकांड का 28 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा खुलासा नहीं किए जाने पर व्यवसायियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मामले को लेकर रविवार 28 जून को भरवाड़ा सर्राफा व्यवसायी संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें घटना के शीघ्र उद्भेदन की मांग उठाई गई।
आयोजित इस बैठक में यह निर्णय लिया गया कि, संघ का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) से मिलकर मामले में त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करेगा।
इस संबंध में पीड़ित सर्राफा व्यवसायी सीबू ठाकुर ने संघ के अध्यक्ष पप्पू ठाकुर को एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा है। सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने घटना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए, संघ से पुलिस अधिकारियों के समक्ष मामला उठाने और न्याय दिलाने का अनुरोध किया है।
सीबू ठाकुर ने बताया कि 1 जून 2026 को उनके साथ हुई लूट की घटना के 28 दिन बाद भी, स्थानीय पुलिस किसी ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से क्षेत्र के व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। वहीं इस संबंध में पुछे जाने पर संघ के सचिव कपिलदेव ठाकुर ने बताया कि, सीबू ठाकुर का आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के अनुसार, घटना में करीब 22 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण सीबू ठाकुर से लूट लिए गए थे।
घटना उस वक्त हुई थी जिस समय वह अपने पिता अमीरी ठाकुर के साथ दुकान बंद कर बाईक से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान बदमाशों ने सीबू ठाकुर से चांदी की पायल, सिकरी, बिछिया व सोने की सिकरी, नोज पिन, अंगूठी, ढोलना, हनुमान लॉकेट, मंगलसूत्र, झुमका एवं कान की बाली समेत कई अन्य सोना चांदी के आभूषण लूट लिए थे।




