क्राईम

समस्तीपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल; दो देसी पिस्टल व दर्जनों कारतूस बरामद


समस्तीपुर। जिले के बंगरा थाना एवं वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र की सीमावर्ती क्षेत्र में, शुक्रवार 03 जुलाई की दोपहर बाद, एसटीएफ व अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में, दो बदमाश घायल हो गए। दोनों घायल अपराधियों को बंगरा थाना पुलिस ने इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार जारी है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरा बदमाश पुलिस से बचकर भागने के दौरान गिर पड़ा, जिससे उसका पैर टूट गया। दोनों को पुलिस ने मौके से हिरासत में लेकर तत्काल इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया।

घायल बदमाशों की पहचान चकमेहसी थाना क्षेत्र निवासी अमन कुमार तथा मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र निवासी लक्ष्मी सिंह के रूप में की गई है।

पुलिस ने घटनास्थल से दो देसी पिस्टल तथा दर्जनों जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। बरामद हथियारों और कारतूसों को जब्त कर पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों अपराधी किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, और इनके अन्य साथियों की भूमिका क्या है।

उधर घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचे, और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने घायल अपराधियों से पूछताछ के साथ-साथ पुलिस पदाधिकारियों से भी घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

सदर एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में घायल दोनों अपराधियों का इलाज कराया जा रहा है। मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही दोनों के आपराधिक इतिहास और उनसे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

इस मुठभेड़ के बाद सीमावर्ती इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के बाद कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button