बेहतर तकनीक से निर्माण होने वाले पेवर ब्लॉक फैक्ट्री का किया गया उद्घाटन, मुखिया अंजू कुमारी ने किया शुभारंभ

समस्तीपुर। उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत रायपुर पंचायत में, रविवार 25 अक्टूबर को, अथर्व ईंटरप्राईजेज नामक पेवर ब्लॉक फैक्ट्री का उद्घाटन हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार, भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। रायपुर पंचायत की मुखिया अंजू कुमारी ने, फैक्ट्री का उद्घाटन कर इसके संचालन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर फैक्ट्री के संचालक बिनोद कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत धार्मिक परंपराओं के अनुरूप भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना से हुई। इस दौरान फैक्ट्री के सफल संचालन, कारोबार में उन्नति और सुख-समृद्धि की कामना की गई। पूजा-अर्चना के बाद मुखिया अंजू कुमारी ने फैक्ट्री का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस नई पहल के लिए संचालक बिनोद कुमार को असीम शुभकामनाएं दीं।

आपको बता दें कि, पेवर ब्लॉक का उपयोग सड़क, आंगन, पार्किंग स्थल, फुटपाथ, भवन परिसर और अन्य निर्माण कार्यों में किया जाता है। निर्माण कार्यों में इसकी उपयोगिता को देखते हुए स्थानीय स्तर पर पेवर ब्लॉक फैक्ट्री की शुरुआत को उद्यमिता की दिशा में एक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद समाजसेवी दीपक कुमार ने बताया कि, स्थानीय स्तर पर इस तरह की औद्योगिक इकाइयों के संचालन से निर्माण सामग्री की उपलब्धता बढ़ने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की संभावना रहती है। फैक्ट्री के माध्यम से क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
समारोह में राजकुमार सहनी, राजकिशोर सिंह, दीपक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने फैक्ट्री के सफल संचालन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस प्रकार, रायपुर पंचायत में अथर्व ईंटरप्राईजेज पेवर ब्लॉक फैक्ट्री का शुभारंभ धार्मिक आस्था और व्यावसायिक गतिविधियों के संगम के रूप में संपन्न हुआ।