स्कूल जा रहे प्रधान शिक्षक पर फायरिंग, लूटपाट की कोशिश, बाल-बाल बचे प्रधान शिक्षक

समस्तीपुर। अंगारघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत दशरजा चौर में सोमवार 26 अक्टूबर की सुबह, स्कूल जा रहे एक प्रधान शिक्षक पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने फायरिंग कर लूटपाट का प्रयास किया। हालांकि, शिक्षक की सतर्कता के कारण गोली उन्हें नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर अंगारघाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंच मामले की छानबीन में जूट गयी है।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, चैता उत्तरी गांव निवासी अमरेंद्र कुमार पांडेय गावपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रधान शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार 26 अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे, वह प्रतिदिन की तरह अपने घर से विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान दशरजा चौर स्थित बांध वाले रास्ते पर, एक बाइक पर सवार तीन की संख्या में अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया, तथा पहले तो उनकी गाड़ी से बकरी को ठोकर लगने की बात कही, लेकिन तुरंत बाद ही वह सभी बदमाश उनका बैग छीनने का प्रयास करने लगा। शिक्षक ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों में से एक बदमाश ने, अपने कमर से पिस्तौल निकालकर शिक्षक पर गोली चला दी। फायरिंग होते ही शिक्षक बगल की ओर झुक गए, जिससे गोली उनके पास से गुजर गई और उनकी जान बच गई।
शिक्षक ने बताया कि उन्होंने शोर मचाया तो तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना में उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई है। प्रारंभिक तौर पर घटना को लूटपाट की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
घटना की सूचना मिलने पर अंगारघाट थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, और घटनास्थल का जायजा लिया, साथ ही उन्होंने प्रधान शिक्षक से घटना की जानकारी भी लिया, साथ ही बदमाशों के भागने वाली दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की कार्रवाई शुरू कर दिया है।
वहीं घटनास्थल पर पहुंचे चैता उत्तरी पंचायत के मुखिया मुकेश पांडेय ने आशंका जाहिर किया है कि, बदमाशों ने लूटपाट की नीयत से शिक्षक पर फायरिंग किया होगा। उन्होंने पुलिस से आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार ने बताया कि प्रधान शिक्षक की ओर से फिलहाल लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। हालांकि, थानाध्यक्ष ने मौखिक रूप से घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि की है, और बताया है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।




