सामान्य खबरें

रेल मंडल में राजभाषा पखवाड़े का भव्य समापन, विजेता रेलकर्मी सम्मानित

समस्तीपुर। पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल में 10 से 28 सितंबर तक आयोजित राजभाषा पखवाड़े का सोमवार 28 सितम्बर को, विधिवत समापन हुआ। मंडल कार्यालय सभागार में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने किया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रेलकर्मियों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि, हिंदी केवल राजभाषा ही नहीं, बल्कि जन-संवाद और प्रशासनिक दक्षता को जोड़ने वाली एक सशक्त कड़ी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से दैनिक सरकारी कार्यों, पत्राचार तथा ई-ऑफिस में हिंदी के अधिकाधिक और सहज प्रयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में कंप्यूटर एवं विभिन्न सॉफ्टवेयर के माध्यम से हिंदी में काम करना काफी आसान हो गया है।

राजभाषा पखवाड़े के दौरान रेलकर्मियों में हिंदी के प्रति रुचि एवं भाषाई दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें हिंदी निबंध, हिंदी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन, हिंदी वाक् (भाषण) तथा राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। समापन समारोह में इन प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर राजभाषा विभाग की ओर से तैयार विशेष लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। फिल्म के माध्यम से कार्यालयीन प्रशासनिक कार्यों, तकनीकी प्रक्रियाओं एवं पत्राचार में हिंदी के सहज प्रयोग तथा राजभाषा नियमों के अनुपालन को व्यवहारिक तरीके से प्रस्तुत किया गया। फिल्म को उपस्थित रेलकर्मियों ने सराहा।

समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक, मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ शाखा अधिकारी, राजभाषा अधिकारी सहित बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में राजभाषा विभाग ने पखवाड़े के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button