L&T फाइनेंस कर्मी से लूट की घटना का सफल खुलासा! कंपनी के कर्मी ने ही रची थी लूट की साजिश! तीन बदमाश गिरफ्तार! बाइक, मोबाइल, बैग व रेनकोट बरामद

समस्तीपुर। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में 3 अगस्त को L&T फाइनेंस के फील्ड लोन ऑफिसर (FLO) नीरज कुमार से हुई लूट की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में नन्हें कापर उर्फ अमरजीत कापर, राजा कुमार उर्फ आदित्य तथा L&T फाइनेंस कर्मी हरिओम कुमार शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त को धुरलख पुल से पहले आसीनपुर जाने वाली टर्निंग के पास अज्ञात अपराधियों ने पिस्तौल का भय दिखाकर नीरज कुमार से बैग समेत नकद राशि लूट ली थी। नीरज कुमार के आवेदन पर मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 338/26, दिनांक 4 अगस्त 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक, सदर-1 के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। टीम ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए नन्हें कापर उर्फ अमरजीत कापर को नईया डाबर से गिरफ्तार किया।

लाइनर की भूमिका में था फाइनेंस कर्मी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नन्हें कापर ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथी साहिल, राजा तथा L&T फाइनेंस कर्मी हरिओम कुमार के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। हरिओम कथित तौर पर लाइनर का काम कर रहा था। योजना के तहत नन्हें, साहिल और राजा स्प्लेंडर बाइक से मौके पर पहुंचे और नीरज कुमार को आग्नेयास्त्र का भय दिखाकर बैग समेत रुपये लूट लिए। पुलिस के अनुसार, लूट की रकम में से नन्हें और राजा को 25-25 हजार रुपये हिस्सा मिला, जबकि शेष राशि साहिल अपने साथ ले गया।
निशानदेही पर अन्य दो आरोपित गिरफ्तार
नन्हें कापर की निशानदेही पर पुलिस ने राजा कुमार उर्फ आदित्य को गिरफ्तार किया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त काले-ग्रे रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR33BK1733 है, तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया। वहीं, L&T फाइनेंस कर्मी हरिओम कुमार को भी गिरफ्तार कर उसके पास से एक मोबाइल बरामद किया गया है। नन्हें कापर की निशानदेही पर पुलिस ने एक फिरोजी रंग का लूटा हुआ बैग और रेनकोट भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नन्हें कापर उर्फ अमरजीत कापर के खिलाफ मुफ्फसिल और उजियारपुर थानों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। लूटी गई शेष राशि की बरामदगी और घटना में शामिल अन्य आरोपित साहिल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
बरामद सामान: घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक बैग और एक रेनकोट बरामद किया गया है। छापेमारी टीम में मुफ्फसिल थानाध्यक्ष पु०नि० अजीत प्रसाद सिंह, पु०अ०नि० खुश्बु कुमारी, पु०अ०नि० राहुल कुमार, पु०अ०नि० दीपशीखा सिन्हा, डीआईयू के पु०अ०नि० अमित कुमार, सिपाही अनीष कुमार तथा मुफ्फसिल थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
उजियारपुर थाना क्षेत्र के एक मुखिया जी का महिला कलाकार के साथ हथियार के बल पर बदतमीजी करने, बाल पकड़कर खींचने, महिला कलाकार के प्राइवेट पार्ट को चोट पहुंचाने की कोशिश करता हुआ विडियो हुआ वायरल। विस्तृत खबर कुछ देर में।



